अदालत के आदेश पर प्रशासन की चुप्पी, पीड़ित ने चौकी प्रभारी पर लगाया पक्षपात का आरोप


अदालत के आदेश पर प्रशासन की चुप्पी, पीड़ित ने चौकी प्रभारी पर लगाया पक्षपात का आरोप
जौनपुर। न्यायालय के आदेश को ताक पर रखने का मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र से सामने आया है। वैजापुर गांव निवासी मूलचन्द पुत्र स्व. सूर्यबली ने पुलिस अधीक्षक को भेजे प्रार्थना पत्र में शिकारपुर चौकी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित का कहना है कि पड़ोसी रामजियावन के साथ भूमि विवाद को लेकर दीवानी मुकदमा (संख्या 446/09, फूलचन्द बनाम रामआसरे) वर्ष 2009 से विचाराधीन था। 09 जुलाई 2025 को माननीय अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) ने फैसला फूलचन्द के पक्ष में सुनाते हुए मुकदमे का निस्तारण कर दिया।
मूलचन्द का आरोप है कि फैसले के बावजूद विपक्षी पक्ष चौकी प्रभारी की मिलीभगत से न केवल उत्पीड़न कर रहा है बल्कि आगामी 2 अक्टूबर को मकान की छत डालने की तैयारी भी कर रहा है। पीड़ित का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने न्यायालय के आदेश की अनदेखी की और प्रतिपक्ष को संरक्षण देते हुए दबाव बनाने की कोशिश की।
मूलचन्द ने सवाल उठाया है कि जब कानून व्यवस्था संभालने वाले ही अदालत के आदेशों को दरकिनार करेंगे, तो आम जनता को न्याय कहाँ से मिलेगा? उन्होंने एसपी से चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि क्या इस मामले में दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होती है या फिर यह प्रकरण भी कागज़ी कार्रवाई में दबकर रह जाएगा।




