जौनपुर के खुटहन में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की हत्या:गंभीर हालत में सेवा केंद्र के भीतर मिले, जेब से मिले 1.68 लाख रुपये….


जौनपुर के खुटहन में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की हत्या:गंभीर हालत में सेवा केंद्र के भीतर मिले, जेब से मिले 1.68 लाख रुपये….
जौनपुर खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव में शुक्रवार सुबह एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की हत्या कर दी गई। संचालक फूलचंद पासवान उर्फ सेवाराम (60) अपने सेवा केंद्र के भीतर गंभीर हालत में मिले थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
पनौली गांव निवासी फूलचंद उर्फ सेवाराम गांव में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और फिनो बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते थे। शुक्रवार सुबह कुछ महिलाएं पैसे निकालने पहुंचीं, तो उन्हें सेवा केंद्र के भीतर से किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। महिलाओं ने आसपास के दुकानदारों को इसकी सूचना दी। शटर उठाने पर फूलचंद गंभीर रूप से घायल अवस्था में अंदर पड़े मिले। उनके सिर पर गहरा जख्म था और खून बह रहा था।
फूलचंद को शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिले से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक फूलचंद की जेब से 1 लाख 68 हजार रुपए बरामद हुए हैं। घटनास्थल के पास से ईंट का एक टुकड़ा भी मिला है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक फूलचंद के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका बड़ा बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में गोरखपुर जिले में तैनात है, जबकि छोटा बेटा घर पर रहता है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।




